देवखर गांव में चल रही श्रीमद् भागवत कथा
(बस्ती) - दुबौलिया विकासखंड के देवखर गांव में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन सोमवार रात श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाई गई। कन्हैया का जन्म होते ही बधाई गीत गूंजने लगे। कथावाचक बृजभूषण शास्त्री जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने राक्षसों का विनाश करने के लिए धरती पर अवतार लिया था। उनकी कथा सुनने से मनुष्य के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए सभी को भागवत कथा का श्रवण हर हाल में करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कृष्ण जन्म के प्रसंग शुरू होते ही पांडाल में मौजूद श्रद्धालु नंद के घर आनंद भया जय कन्हैया लाल की भजनों के साथ झूम उठे। बृजभूषण शास्त्री जी महाराज ने भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए बताया कि जब जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब तब परमात्मा अवतार धारण करके धरती पर धर्म की स्थापना करते हैं। कृष्ण जन्म की कथा के पूर्व भगवान राम के अवतार की लीला का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने आदर्श स्थापित किया है, वह आज भी प्रासंगिक है। राम जन्म, ताड़का वध, राम विवाह, वनवास, रावण वध सहित राम राज्याभिषेक पर सुन्दर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि द्वापर में जब कंस के अत्याचार बढ़े तो श्रीकृष्ण ने अवतार लेकर मुक्ति दिलाई।इस मौके पर कथा के मुख्य यजमान स्नेह लता पांडेय एवं बलीभद्र पांडेय, मनोज पांडेय,आदर्श पांडेय, अजय पांडेय,प्रिंस, उत्कर्ष,धैर्य पांडेय सहित आदि लोग उपस्थित रहे।